भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। गुरुवार को प्रदेश में संक्रमण के 184 नए मामले सामने आए हैं। वहीँ पांच लोगों की संक्रमण के कारण मौत हुई है। इससे प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 8690 पर पहुँच गया है, वहीँ मरने वालों की संख्या 376 हो गई है।
वहीं राजधानी भोपाल में गुरुवार को 52 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसमें से कोटरा में एक ही दिन में 16 संक्रमित मिले हैं। इन्हें मिलाकर राजधानी में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 1808 हो गया है। वहीं गुरुवार को 50 लोगों के ठीक होने के बाद स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 1242 हो गई है।
दूसरी तरफ इंदौर में एक बार फिर संक्रमितों की संख्या में उछाल आया है। गुरुवार को शहर में 54 लोगों में संक्रमितों की पुष्टि हुई है, वहीं चार लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इन्हें मिलाकर इंदौर में पॉजिटिव मामलों की संख्या 3687 हो गया है, वहीं 149 लोगों की कोरोना से अब तक मौत हो चुकी है। वहीं गुरुवार को इंदौर में 59 लोग स्वस्थ हुए, जिसके बाद ठीक होने वालों का आंकड़ा 2243 पर पहुँच गया है। इंदौर में एक्टिव मरीजों की संख्या 1295 है।उज्जैन में 9 नए मामले सामने आने से यहां संक्रमितों की संख्या 707 हो गई है। इनमें से 538 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं जबकि 110 का उपचार किया जा रहा है। 59 लोगों की अब तक कोरोना से मौत हो चुकी है। देवास जिले में संक्रमण के छह नए मामले सामने आए हैं। वहीं रतलाम में एक 62 वर्षीय वृद्ध की मौत के बाद उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नीमच में गुरुवार को 10 नए संक्रमण के मामले सामने आए हैं। इससे जिले में संक्रमितों की संख्या 255 हो गई है।
वहीँ ग्वालियर-चंबल संभाग में गुरुवार को 24 नए मामले सामने आए हैं। इसमें भिंड में 9, मुरैना में 8, शिवपुरी में 4 और ग्वालियर में 3 नए मामले सामने आए हैं। इनके अलावा खरगोन में संक्रमण के 12, सागर में 4, बैतूल में तीन, छिंदवाड़ा, रायसेन, होशंगाबाद और बुरहानपुर में एक-एक मरीज सामने आया है।
