भोपाल। शुक्रवार को मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमितों के नए मामलों की संख्या बढ़कर 231 पर पहुँच गई, वहीं आठ लोगों की कोरोना के कारण मौत हो गई है। इससे प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 8921 पर पहुंच गया है। वहीं मरने वालों का आंकड़ा 384 पर पहुंच गया है। प्रदेश में अब तक 5878 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं जबकि 2659 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
राजधानी भोपाल में शुक्रवार को 52 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं, वहीं एक व्यक्ति की कोरोना से जान गई है। इससे भोपाल में संक्रमितों की संख्या 1860 हो गई हैं जबकि मरने वालों का आंकड़ा 62 हो गया है। राजधानी में अब तक 1295 लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके है।
शुक्रवार को इंदौर में पॉजिटिव मामलों में एक बार फिर गिरावट देखी गई। यहां शुक्रवार को 35 नए मामले सामने आए हैं, वहीं चार लोगों की महामारी से मौत हुई है। इससे इंदौर में कुल संक्रमित 3722 हो गए हैं, जिनमे से 2324 स्वस्थ हो चुके हैं। अब कुल मृतक संख्या 153 हो गई है। इंदौर में अब तक 2324 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
उज्जैन में 12 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने से संक्रमितों की संख्या 719 हो गई है जबकि कांग्रेस नेता समेत तीन लोगों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या 62 हो गई है। उज्जैन में अब तक 558 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। वहीं नीमच में गुरुवार देर रात आई रिपोर्ट में 38 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। रतलाम में भी एक 16 वर्षीय युवती में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा बुरहानपुर जिले में 15 नए संक्रमण के मामले सामने आए हैं। यहां अब तक 332 मामले सामने आ चुके हैं। खंडवा में भी अब तक 257 संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 216 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
ग्वालियर-चंबल संभाग में शुक्रवार को 29 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 14 मामले भिंड, 10 मामले ग्वालियर, 03 मामले श्योपुर और 01-01 मामला मुरैना और शिवपुरी से सामने आया है। इनके अलावा सागर में कोरोना संक्रमण के 12 नए मामले सामने आए हैं। यहां अब तक 224 मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा राजगढ़ में पांच नए मामले सामने आए हैं। गुना में भी संक्रमण के तीन नए मामले सामने आए हैं।
