भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले के प्रसिद्ध डॉक्टर हनुमान मंदिर दंदरौआ धाम परिसर में रविवार रात चोरी होने का मामला सामने आया है। यहां 2 अज्ञात चोरों ने अलमारी तोड़कर 30 लाख रुपए चुरा लिए। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
दरअसल रविवार रात को प्रसिद्ध दंदरौआ धाम परिसर में महंत रामदास महाराज दूसरी मंजिल पर बने अपने कमरे के बाहर बरामदे में सो रहे थे। रात को करीब 12:40 बजे दो चोर मुंह पर कपड़ा बांधकर पीछे के रास्ते से महंत रामदास महाराज के कमरे में दाखिल हुए। चोरों ने कमरे में रखी आलमारी तोड़कर चाबियां निकाली और इन चाबियों से दूसरी अलमारी को खोला। चोर दूसरी अलमारी में रखी नगदी को दो बैग में भरकर फरार हो गए।
सुबह महंत रामदास महाराज ने अलमारी टूटी देखी तो पुलिस को सूचना दी। दंदरौआ धाम में चोरी की सूचना मिलते ही एसपी मनोज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे हैं। जाँच के दौरान पुलिस को परिसर के बाहर एक बैग पड़ा मिला। इस बैग में 34,2000 रुपए नकद मिले हैं। वहीं दूसरा बैग चोर अपने साथ ले गए।
