Xpose Today News
इंदौर में मौसम के मिज़ाज बदलते ही एयर लाइंस कंपनी की उड़ानों पर भी असर पड़ने लगा है। पुणे से इंदौर आए इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान को रनवे पर उतारा नहीं जा सका। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देश पर विमान को आसमान में चक्कर काटने के बाद पड़ोसी राज्य गुजरात के वडोदरा के लिए डायवर्ट करना पड़ा। इस फ्लाइट का कारण बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को भी घंटों इंतजार करना पड़ा।”
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6ई-284/701) अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सुबह 6.40 बजे पुणे से इंदौर एयरपोर्ट पहुंची थी। इस विमान में कुल 112 यात्री सवार थे।
इसी विमान को सुबह 7.20 बजे इंदौर से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरनी थी। यह विमान बिल्कुल सही समय पर इंदौर के आसमान पर पहुंच चुका था, लेकिन ठीक उसी समय शहर में करीब 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज आंधी और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई।
मौसम बदलते ही तेज बारिश के कारण रनवे के आसपास विजिबलीटी अचानक कम हो गई गई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने कुछ देर हवा में ही विमान के चक्कर लगाए, लेकिन मौसम में सुधार न होता देख आखिरकार फ्लाइट को वडोदरा डायवर्ट कर दिया गया।
मौसम साफ़ होते ही इंदौर एयरपोर्ट पर लैंडिंग
वडोदरा में एटीसी के संपर्क में रहने के बाद जैसे ही इंदौर में मौसम साफ हुआ और विमान को वापस लाने की हरी झंडी मिली, पायलट ने वडोदरा से उड़ान भरी। वड़ोदरा से टेकऑफ करने के बाद यह विमान सुबह 8.31 बजे वापस इंदौर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड हुआ।”
“इसके बाद इंदौर से बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को विमान में बैठाया गया और फ्लाइट अपने निर्धारित समय (7.20 बजे) से करीब दो घंटे की देरी से सुबह 9.20 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना हो सकी।
