मंदसौर। टिक टॉक पर फेमस होने के लिए पिस्टल के साथ वीडियो बनाना दो लड़कों को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्टल और बाइक भी बरामद की है।
दरअसल मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ थाना प्रभारी दिलीप राजोरिया ने एक वीडियो देखा जिसमें एक लड़का चलती बाइक पर पिस्टल लहरा रहा है और पीछे बैठा युवक उसका वीडियो बना रहा है। पूरे वीडियो में सिर्फ पिस्टल बाइक की टंकी का कवर और फोरलेन हाईवे दिख रहा था। पहले तो थाना प्रभारी को अंदाजा नहीं था कि वीडियो कहा का है। लेकिन जब थाने के स्टाफ ने गौर से देखा तो पता चला कि वीडियो दिखाई दे रही लोहे की रेलिंग मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र के सुठोद गांव की है।
इसके बाद वीडियो को बारीकी से देखा गया तो वीडियो में सिर्फ 2 सेकंड के लिए पिस्टल वाले हाथ पर राहुल नाम लिखा हुआ दिखा। इस पर मल्हारगढ़ पुलिस ने अपना खुफिया तंत्र एक्टिव किया। जानकारी मिलने पर मल्हारगढ़ पुलिस में टीम गठित करके राहुल और कन्हैया नाम के दो युवकों को पिस्टल, 3 जिन्दा कारतूस और बाइक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके खिलाफ अवैध हथियार रखने की 25 आर्म्स एक्ट तथा जिंदा कारतूस रखने पर 27 आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज कर लिया। साथ ही पुलिस इस मामले की भी जाँच कर रही है कि युवक पिस्टल कहाँ से लेकर आए थे।
दोनों युवकों का कहना है कि टिक टॉक पर लाइक और कमेंट की चाहत में उन्होंने 25 हजार रुपए में पिस्टल खरीदी। लेकिन कभी सोचा नही था कि सोशल मीडिया में पिस्टल के साथ वीडियो डालना इतना भारी पड़ेगा।
