मंडला। पुलिस व्यवस्था को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस के एक विधायक ने अपनी सरकार पर सवाल उठाए है। विधायक ने पुलिस के ख़िलाफ़ मोर्चा खोलते हुए जन चौपाल लगाने का फैसला किया है। चौपाल में पुलिस व्यवस्था और अन्य कुछ विभागों के अधिकारियों की कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों पर लोगों की समस्याएं सुनी जाएगी।
दरअसल मंडला जिले की बिछिया से विधायक नारायण सिंह पट्टा, निवास से विधायक डॉ अशोक मर्सकोले और कांग्रेस के मंडला जिला अध्यक्ष संजय सिंह परिहार ने एक पत्र जारी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ के आदेश पर प्रदेश में भ्रष्टाचार, भूमाफियाओं और मिलावट के विरुद्ध हर स्तर पर कार्यवाही हो रही है। हम भी उनकी मंशा से भली भांति परिचित हैं। अपने क्षेत्रों में भी इस प्रकार की कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध और संकल्पित है।
आगे उन्होंने मंडला की पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम जन से शिकायत मिल रही है कि जिले की पुलिस व्यवस्था बहुत ही कमजोर हो गई है। नियम कानून को ताक पर रखकर हर अवैध काम जोरो पर है। जिम्मेदार अधिकारी क्या कर रहे हैं समझ से परे है। हमने कई बार व्यवस्था सुधारने के लिए कहा, लेकिन हमारी बातों की अनदेखी की जा रही है। जनप्रतिनिधियों और जनता की आवाज़ को लगातार दरकिनार किया जा रहा है।
इसलिए जिले की पुलिस व्यवस्था और अन्य कुछ विभागों से जुड़े अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर जिले के सभी क्षेत्रों की जनसमस्याओं को सुनने के लिए कांग्रेस कार्यालय मंडला में 29 दिसंबर को दोपहर 3 बजे सभा आयोजित की जा रही है। इसमें सभी आमजन की बातें सुनी जाएगी। अगर किसी अधिकारी के खिलाफ असन्तुष्टि नजर आएती तो जरुरत पड़ने पर उसको बाहर का रास्ता दिखाने की कार्यवाही की जायेगी या लोकल कार्यवाही होगी।
उन्होंने सभी जिला वासियों से निवेदन किया कि अगर उन्हें अधिकारियों से अवैध वसूली या अन्य किसी भी प्रकार की शिकायत हो तो संभव साक्ष्यों या प्रताड़ित साक्ष्य के रूप के साथ उपस्थित होकर अपनी बात कहें।
