मुरैना। इन दिनों मुरैना जिले के सुमावली से लेकर पहाड़गढ़ के जंगली इलाकों में रहने वाले ग्रामीण इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर की आमद से दहशत में है। बीते दिनों गुड्डा गुर्जर की गैंग ने सड़क निर्माण में लगे कर्मचारियों का अपहरण कर उनके पास से रुपए और मोबाइल लूट लिए थे। फ़िलहाल पुलिस जंगल में गैंग की तलाश में जुटी है।
दरअसल डकैत गुड्डा गुर्जर पर पुलिस ने 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ है। गुड्डा गुर्जर और उसके साथियों ने करम आश्रम से सुमावली तक बनाई जा रही सड़क निर्माण में लगे डंपर के 9 कर्मचारियों का अपहरण कर उनसे 15 हजार रुपए और 9 मोबाइल फ़ोन लूट लिए थे। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फ़िलहाल कर्मचारियों को सुमावली कस्बे में शिफ्ट किया गया है। एसडीओपी ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें गैंग की तलाश में जुटी है।
