भोपाल। प्रदेश के चर्चित हनी ट्रैप मामले में नाम सामने आने पर आईएएस अफसर प्रेमचंद मीणा ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मिलने का समय माँगा है। प्रेमचंद मीणा ने पत्र में लिखा है कि मुझे षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है। बता दे कि प्रेमचंद मीणा आदिम जाति अनुसंधान और विकास संस्था में संचालक के पद पर पदस्थ है।
दरअसल पिछले महीने प्रेमचंद मीणा का एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो को लेकर प्रेमचंद मीणा ने पत्र में लिखा है कि मैं लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान हूँ। आपत्तिजनक वीडियो को वायरल कर मेरी छवि को नुकसान पहुँचाया जा रहा है। मैं अपने पद की गरिमा का ध्यान रखते हुए अब तक शांत था लेकिन हनी ट्रैप मामले की जाँच कर रही एसआईटी ने अपने चालान में जिक्र किया है कि मुझे पत्रकार वीरेंद्र शर्मा के माध्यम से ब्लैकमेल किया गया।
प्रेमचंद मीणा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि इससे मेरी और मेरे परिवार की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। मैं और मेरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है। उन्होंने मुख्य सचिव से मिलने का समय माँगा है।
