नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच में एक टोल नाके पर खड़ी ट्रक में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पहुंची और आग पर काबू पाया। हालाँकि ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। ट्रक में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है।
दरअसल यह ट्रक दिल्ली से बेंगलुरु जा रही थी। दोपहर में नीमच जिले के नयागांव टोल नाके पर खड़े रहने के दौरान ट्रक के केबिन में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। टोल नाके पर टोल पर्ची कटवाने के बाद जब ड्राईवर ने धुंआ देखा तो वह ट्रक को साइड में खड़ी करके नीचे उतर गया। इसके बाद देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे ट्रक को अपने आगोश में ले लिया।
दूसरी तरफ सूचना मिलने पर विक्रम सीमेंट से फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटना स्थल के लिए रवाना हुआ, लेकिन रेलवे फाटक बंद होने से घटना स्थल पर पहुँचने में थोड़ा ज्यादा समय लग गया। तब तक ट्रक पूरी तरह से जल चुका था।
