झाबुआ। मध्यप्रदेश की झाबुआ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने रापी गैंग के मुख्य सरगना अकरम वाखला को गिरफ्तार कर लिया है। अंतरराज्यीय फरार आरोपी अकरम वाखला पर मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में 33 मामले दर्ज है। पुलिस को उसकी पिछले 12 सालों से तलाश थी। पुलिस ने बताया कि गुरुवार को मुखबीर से आरोपी अकरम को लेकर सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस की टीम ने बड़ी सूझबूझ से घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
दरअसल अकरम और उसकी गैंग के सदस्य झाबुआ और आसपास के प्रमुख मार्गों पर पत्थरों की रापी लगाकर वाहनों में बैठी सवारियों से लुट-पात करते थे। इससे झाबुआ से गुजरते समय यात्रियों में भय का माहौल रहता था। ऐसे में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रापी गैंग के नाहरसिंह, मुकेश, दिवान, कालिया, तारसिंह, दरू और धन्ना को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन गैंग का मुख्य सरगना अकरम वाखला अभी तक फरार चल रहा था।
आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि गिरोह के सदस्य रात के समय मुख्य मार्गों पर आने-जाने वाले चार पहिया वाहनों का टायर पत्थर की रापी लगाकर पंचर कर देते थे। जब वाहन चालक टायर बदलने के लिए गाड़ी को रोकता तो गिरोह के सदस्य पत्थर और लाठी से हमला करके वाहन में बैठे यात्रियों को डरा धमकाकर उनसे लूटपाट करते और फिर जंगलों में भाग जाते। एक बार में दो-तीन वाहनों को निशाना बनाया जाता था।
