इंदौर। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच शुक्रवार का दिन इंदौर के लिए राहत लेकर आया। यहाँ शुक्रवार को दो अस्पतालों से 100 से ज्यादा मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। इनमें शहर के इंडेक्स कालेज से 57 और अरबिंदो हास्पिटल से 45 मरीज़ों को स्वस्थ होने के बाद घर रवाना किया गया। इस दौरान स्वस्थ हुए मरीजों ने सभी स्टाफ, चिकित्साकर्मी, पुलिसकर्मी, सफाई कर्मी आदि का आभार व्यक्त किया।
संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी ने बताया है कि इंदौर में कोरोना से संक्रमित हुए लोग सफल उपचार से तेज़ी से स्वस्थ हो रहे हैं। गत दिवस विशेषज्ञ समिति की बैठक में यह तथ्य सामने आया था कि कोरोना का वायरस अब अपनी धार खो रहा है। संक्रमित व्यक्तियों में इसकी तीव्रता कम आंकलित हो रही है। इंदौर में तेजी से मरीज स्वस्थ्य होकर डिस्चार्ज हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को इंदौर में 100 से अधिक मरीज़ स्वस्थ होकर सकुशल अपने घरों की ओर रवाना हुए। इंडेक्स कालेज से 57 और अरबिंदो हास्पिटल से 45 मरीज़ों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। पुलिसकर्मी, अस्पताल के चिकित्सक एवं अन्य स्टॉफ ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ मरीजों को विदा किया। वहीँ स्वस्थ हुए मरीजों ने भी स्टाफ, चिकित्साकर्मी, पुलिसकर्मी, सफाई कर्मी आदि का आभार व्यक्त किया।
इंडेक्स हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हुए एक मरीज ने बताया कि हम 19 लोग एक साथ 10 दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से इस अस्पताल में भर्ती हुये थे। हमारा इस अस्पताल में बेहतर इलाज हुआ और आज हम सभी 19 लोग एक साथ डिस्चार्ज होकर घर जा रहे हैं। स्वस्थ होने की हमें बहुत खुशी हो रही है। इसी तरह एक युवती का कहना है कि जिस तरह से इंदौर में मरीजों का इलाज हो रहा है उसके कारण कोरोना हारेगा, देश जीतेगा और पुन: इंडिया मुस्कुरायेगा।
इंडेक्स हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ रविजा प्रसाद ने बताया कि कोरोना के मरीजों के इलाज के लिये अस्पताल में सभी संभव प्रयास किये जा रहे हैं। सभी डॉक्टर, नर्स, अन्य पैरामेडिकल स्टॉफ, सफाईकर्मी अथक मेहनत कर मरीजों के इलाज में सहभाग बन रहे हैं। आज इस अस्पताल से 57 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। इन 57 मरीजों का उपचार विगत 10 दिनों से चल रहा था। मरीजों ने इलाज के दौरान बहुत सहयोग दिया। उनके सफल उपचार में उनका आत्म विश्वास बेहद मददगार बना।
