भोपाल। लॉकडाउन के चौथे चरण का आधा समय गुजर जाने के बाद भी प्रदेश में कोरोना के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। मध्यप्रदेश में रविवार को कोरोना वायरस के 162 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। वहीँ पांच लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई है। इससे प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6723 हो गई है जबकि मरने वालों का आंकड़ा 252 हो गया है। प्रदेश में अब तक 51 फीसदी मरीज ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं।
अगर राजधानी भोपाल की बात करे तो यहाँ रविवार को कोरोना के 37 नए मामले सामने आए है। वहीँ 50 साल की एक महिला की बीमारी के कारण मौत हो गई है। भोपाल में अब तक कोरोना संक्रमण के 1356 मामले सामने आए है। इनमें से 789 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। रविवार को भी राजधानी में 14 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है।
दूसरी तरफ इंदौर में 56 नए मामलों की पुष्टि हुई है, वहीँ दो लोगों की महामारी ने जान ले ली। इन्हें मिलाकर इंदौर में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 3064 हो गई है, जबकि मरने वालों का आंकड़ा 116 पर पहुँच गया है। इंदौर में अब तक कोरोना के 1476 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं, जबकि 1472 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
उज्जैन जिले में कोरोना संक्रमण के 25 नए मामले सामने आने से यहाँ कोरोना संक्रमितों की संख्या 575 हो गई है। जबकि एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हो जाने के बाद मरने वालों का आंकड़ा 54 पर पहुँच गया है। इस समत उज्जैन जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 284 है जबकि 237 लोग ठीक होने के बाद अपने घर लौट चुके हैं।
वहीँ मंदसौर में हॉट स्पॉट गुदरी क्षेत्र से लगातार कोरोना संक्रमण के नए मामलों की पुष्टि हो रही है। रविवार को गुदरी क्षेत्र के दो लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीँ इंदौर में इलाज के दौरान गुदरी क्षेत्र के ही एक कोरोना संक्रमितमरीज की मौत हो गई है। मंदसौर में अब तक कोरोना के 87 मरीज सामने आ चुके हैं, जबकि सात लोगों की मौत हो चुकी है। वहीँ 51 मरीजों के ठीक होने के बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 29 हो गई है।
नीमच में शनिवार रात सामने आई रिपोर्ट में 30 लोगों में एक साथ संक्रमण की पुष्टि होने से हड़कम्प मच गया है। यहाँ जावद के खुर्रा चौक में 25 लोग एक साथ संक्रमित पाए गए है जबकि 4 लोग उम्मेदपुरा और एक मरीज नीमच के राजीव क्षेत्र से सामने आया है। नीमच जिले में 20 दिन पहले कोरोना संक्रमण के पहला मामला सामने आया था और तब से अब तक यहाँ कुल संक्रमण के 90 मामले सामने आ चुके हैं। वहीँ रतलाम में रविवार को एक भी नया मरीज सामने नहीं आया है। यहाँ अब तक 31 मरीज सामने आए है।
देवास में रविवार को एक भी सैंपल की रिपोर्ट नहीं मिली है। अभी इसका कारण सामने नहीं आया है। यहाँ अब तक 80 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी हैं जबकि आठ लोगों की मौत हो चुकी हैं। रविवार को खंडवा में आठ जबकि बुरहानपुर में सात नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इससे खंडवा में संक्रमित मरीजों की संख्या 230 और बुरहानपुर में 279 हो गई है।
इनके अलावा जबलपुर-उमरिया में तीन-तीन, शहडोल में दो और नरसिंहपुर-सतना में एक-एक नए मरीज की पुष्टि हुई है। जबलपुर में कोरोना के अब तक 212, उमरिया में पांच, सतना में 13 और रीवा में 28 मामले सामने आ चुके हैं।
