देवास। मध्यप्रदेश के देवास में सोमवार को एक अनोखी शादी हुई। शादी में देवास पुलिस के अफसर, कर्मचारी दुल्हन का ननिहाल पक्ष बनकर शामिल हुए। पुलिस के अधिकारी मामा का फर्ज निभाते हुए मामेरा लेकर आए और कन्यादान भी किया। ख़ास बात यह रही कि शादी में बैंड बाजों की जगह पुलिस वाहनों के सायरन बजे।
दरअसल सोमवार को देवास के राजीव नगर स्थित फूलचंद प्रजापत की बिटिया कविता का विवाह त्रिलोक नगर के रहने वाले युवक जितेंद्र पिता देवकरण के साथ हुआ। शादी में देवास पुलिस के कई बड़े अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान लॉकडाउन के नियमों का विशेष ध्यान रखा गया। देवास जिले की एसपी देसावतु ने बताया कविता की मां नही है और पिता की नौकरी भी लॉकडाउन के चलते छूट गई थी। इसलिए पुलिस विभाग ने बिटिया की शादी करने का जिम्मा उठाया। पुलिस विभाग की ओर से दुल्हन को घर की जरूरत का सामान भी दिया गया। वहीँ डीएसपी किरण शर्मा ने बताया देवास के पुलिस अधिकारी एवं सभी कर्मचारियों ने बच्ची के मामा बनकर इस कन्यादान में भाग लिया।
दरअसल दुल्हन कविता की मां नहीं हैं और पिता फूलचंद प्रजापत ठेकेदारी में छोटी कंपनी में काम करते थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण उनकी नौकरी चली गई। ऐसे में पिता अपनी बेटी की शादी कराने के लिए परेशान होकर कर्जा लेने के लिए घूम रहा था। इस बीच बेटी के पिता ने पुलिस द्वारा चलाई जाने वाली पाठशाला से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने बेटी का मामा बनकर उसका कन्यादान करने का निर्णय लिया।
युवती की शादी करने के निर्णय का देवास पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारियों ने भी समर्थन किया और सभी कर्मचारियों ने दिल से मदद की। ख़ास बात यह है कि पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अधिक योगदान ना लेते हुए सभी से थोड़ा थोड़ा योगदान लेकर इस कार्य की रूप रेखा बनाई।
वहीँ जब कविता के मन में लॉकडाउन के कारण शादी में ढोल-धमाके और शहनाई नहीं बज पाने की बात उठी तो पुलिस विभाग के अधिकारियों ने युवती से कहा कि तुम्हारी शादी में ऐसा संगीत बजेगा कि तुम्हे जिंदगीभर याद रहेगा। जिसके बाद शादी में पुलिस वाहनों के सायरन बजाकर संगीत दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस विभाग की और से पुलिस अधीक्षक कृष्णावेणी देसावतु, एडिशनल एसपी जगदीश डावर, नगर पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह राठौर, उपपुलिस अधीक्षक किरण शर्मा, सहित सिविल लाइन थाना प्रभारी, औद्योगिक थाना प्रभारी, कोतवाली थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस बल मौजूद था।
