बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट में उस वक़्त एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब दूल्हे को दुल्हन तक पहुंचने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी नदी हाथ में जूते लेकर पार करना पड़ी। यही नहीं शादी के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन के साथ वापस नदी पार करके अपने घर तक पहुंचा।
वैसे तो लॉकडाउन के कारण बड़ी संख्या में शादियां रद्द कर दी गई हैं। हालांकि कुछ जगह लॉकडाउन के नियमों के तहत शादियां कराई जा रही है। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन, पंडितजी और कुछ रिश्तेदार मास्क पहनकर शादी में शामिल हो रहे हैं। इस बीच मध्यप्रदेश के बालाघाट में लॉकडाउन में शादी करने के लिए दूल्हा-दुल्हन और रिश्तेदारों ने जो जतन किए, उससे यह शादी हमेशा-हमेशा के लिए यादगार बन गई है।
दरअसल दूल्हा इंद्रमेघ महाराष्ट्र गोंदिया जिले के धापेवाड़ा गांव का रहने वाला है। उसकी शादी मध्य प्रदेश के बालाघाट में रहने वाली युवती से तय हुई थी। दूल्हा अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ वाहन से बालाघाट शादी करने के लिए आने वाला था, लेकिन प्रशासन ने दूल्हे को बारात ले जाने की अनुमति नहीं दी।
ऐसे में दूल्हा अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ बाइक से दोनों राज्यों के बीच पड़ने वाली नदी तक पहुंचा। इसके बाद दूल्हे ने आधा दर्जन बारातियों के साथ हाथ में जूते लेकर पैदल ही डेढ़ किलोमीटर लंबी नदी पार की। नदी के दूसरी तरफ दूल्हे के ससुराल वाले खड़े थे, जो दूल्हे और उसके रिश्तेदारों को गाड़ी पर बैठाकर घर पहुंचे। शादी के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर इसी रास्ते से वापस महाराष्ट्र पहुंचा।
दूसरी तरफ जब इस बात की जानकारी प्रशासन को लगी तो वह भी हैरान रह गया। प्रशासन ने आनन फानन में नदी के बीच से निकलने वाले रास्ते को सील कर दिया। बता दे कि महाराष्ट्र में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले हैं।
