भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। कोरोना अब तक प्रदेश के 50 जिलों में फ़ैल चुका हैं। अब सिर्फ कटनी और निवाड़ी ही ऐसे जिले हैं, जहाँ यह वायरस अब तक नहीं पहुंचा है। इस बीच मंगलवार को प्रदेश में 180 नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इससे प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 7115 हो गई है। प्रदेश में अब तक 3689 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 3121 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
इंदौर में सबसे ज्यादा 79 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इन्हें मिलाकर इंदौर में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 3182 हो चुकी हैं जबकि मरने वालों का आंकड़ा 119 हो गया है। इस बीच राहत की बात यह रही कि मंगलवार को 53 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट गए। इंदौर में अब तक 1537 मरीज ठीक होने के बाद घर लौट चुके हैं।
वहीँ राजधानी भोपाल में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1466 पर पहुँच गया है। यहां अब तक 51 लोगों की इससे मौत हो चुकी है जबकि 857 लोग स्वस्थ होकर लौट चुके हैं। भोपाल में कोरोना के 558 एक्टिव केस हैं। मंगलवार को राजधानी में 16 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट गए।
इसके अलावा उज्जैन में 13 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 614 हो गई है। इनमें से 261 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं जबकि 54 लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। उज्जैन में अब 299 एक्टिव केस बचे है। जबलपुर में मंगलवार को 3 नए मरीज सामने आए है। यहां अब तक मिले 216 मरीजों में से 160 स्वस्थ हो चुके हैं और 9 की मृत्यु हुई है। कोरोना के 47 एक्टिव केस शेष रह गये हैं।
नीमच में मंगलवार को फिर कोरोना विस्फोट हुआ। यहां एक साथ 25 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से 21 लोग जावद मुख्यालय के रहने वाले है। तीन मरीज उम्मेदपुरा और एक राजीव नगर का रहने वाला है। यहां संक्रमितों की संख्या 117 हो गई है। वहीँ देवास में तीन नए मामलों की पुष्टि होने के बाद मरीजों की संख्या 86 हो गई है। इनमें 53 स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 22 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीँ बड़वानी में दो मरीज सामने आने से संक्रमितों की संख्या 41 हो गई है। इनमें से 32 मरीज ठीक हो चुके हैं।
ग्वालियर-चंबल में एक डॉक्टर सहित कोरोना के 9 नए मामले सामने आए है। इसमें ग्वालियर के 2, मुरैना के तीन, शिवपुरी के 2, भिंड और दतिया में एक-एक मामला सामने आया है।
