भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना के मामले और मौतों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार को भी प्रदेश में 171 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि 10 लोगों की महामारी ने जान ले ली। मरने वालों में चार मरीज इंदौर, दो सागर और एक-एक मरीज भोपाल, उज्जैन, खरगोन और मुरैना का है। प्रदेश में अब तक संक्रमण के 7464 मरीज सामने आ चुके हैं, इनमें से 4050 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। वर्तमान में प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 3090 रह गई है।
राजधानी भोपाल में संक्रमितों का आंकड़ा 1491 पर पहुँच गया है। यहां गुरुवार को 22 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक मरीज की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 53 पर पहुँच गया है। वहीँ राजभवन में 90 लोगों की कोरोना जाँच में छह लोगों के अलावा बाकि सभी की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
आर्थिक राजधानी इंदौर में 84 नए संक्रमित मरीजों के मिलने से संक्रमितों की संख्या 3344 पर पहुँच गई है। वही चार मरीजों की मौत के बाद मरने वालो का आंकड़ा 126 हो गया है। हालांकि गुरुवार का दिन इंदौर के लिए राहत भी लेकर आया। यहां गुरुवार को 118 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट गए हैं। इंदौर में अब तक 1673 मरीज ठीक हो चुके हैं।
उज्जैन में 29 नए मामले सामने आए हैं जबकि एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हुई है। यहां अब तक 658 मरीज सामने आ चुके हैं जबकि 55 मरीजों की मौत हुई है। 302 मरीजों के ठीक होने के बाद सक्रीय मरीजों की संख्या 301 रह गई है। वहीँ सागर में एक दिन में सर्वाधिक 27 नए मामले सामने आए हैं। दो लोगों की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा छह पर पहुँच गया है। यहां अब तक 141 मामले सामने आ चुके हैं जबकि 36 लोगों के ठीक होने के बाद एक्टिव मामलों की संख्या 96 रह गई है। रतलाम में भी एक 56 वर्षीय महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। यहां अब तक 33 मामले सामने आ चुके हैं, वहीँ एक्टिव मरीजों की संख्या तीन बची है।
विंध्य-महाकोशल में गुरुवार को कोरोना के 9 नए मामले सामने आए हैं। इनमें जबलपुर में पांच जबकि मंडला, नरसिंहपुर, सतना और उमरिया से एक-एक नया मामला सामने आया है। जबलपुर में अब तक 226 मामले सामने आ चुके हैं। वहीँ ग्वालियर में गुरुवार को कोरोना का एक भी नया मामला सामने नहीं आया है। वहीँ मुरैना में गुरुवार को कोरोना से पहली मौत हुई है। मरने वाली 70 साल की महिला है।
