इंदौर। चौथी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद शिवराज सिंह चौहान 08 जून को इंदौर और उज्जैन के दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री इंदौर में ही रात्रि विश्राम भी कर सकते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री इंदौर और उज्जैन में कोरोना को लेकर किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी लेंगे और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे।
दरअसल अब तक राजधानी में रहकर कोरोना से लड़ाई लड़ रहे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब कोरोना प्रभावित जिलों की जमीनी हकीकत देखने आ रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री शिवराज इंदौर-उज्जैन जिले का दौरा करेंगे। चार दिनों पहले ही अतिरिक्त मुख्य सचिव ने दोनों शहरों का दौरा कर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को हालात से अवगत करवाया था।
मुख्यमंत्री सचिवालय से मिले संकेत के बाद आज दोनों जिलों में मुख्यमंत्री के दौरे की व्यापक तैयारियां शुरू हो गई है। आईजी-कमिश्नर ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिहाज़ से बैठकें-मौका मुआयना शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य विभाग और जनप्रतिनिधियों की बैठक भी लेंगे। मुख्यमंत्री इंदौर में खजराना मन्दिर और उज्जैन में महाकाल मंदिर के दर्शन करने भी जाएंगे।
