इंदौर। टीवी की मशहूर निर्माता और निर्देशक एकता कपूर के खिलाफ इंदौर में केस दर्ज कराया गया है। एकता कपूर पर अपनी वेब सीरीज के जरिए अश्लीलता फैलाने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और राष्ट्रीय प्रतीक चिह्नों के अपमान के आरोप में केस दर्ज किया गया है। एकता कपूर के अलावा वेब सीरीज की निर्देशक और पटकथाकार पर भी मामला दर्ज कराया गया है। बता दे कि इससे पहले मुंबई और बिहार में भी एकता कपूर के खिलाफ केस दर्ज किया जा चुका है।
इंदौर के अन्नपूर्णा पुलिस थाने के प्रभारी सतीश कुमार द्विवेदी ने बताया कि फरियादी नीरज यागनिक और वाल्मीकि सकरगाए की शिकायत पर आईपीसी की धारा 294 (अश्लीलता) और 298 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारत के राजकीय प्रतीक (अनुचित प्रयोग का निषेध) अधिनियम के तहत एकता कपूर, पंखुड़ी रॉडिग्यू व जेसिका खुराना के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है। इन पर वेब सीरीज के जरिए हिन्दू देवी-देवताओं, रीति-रिवाजों और सैनिक व उनके परिवारों का अपमान करने का आरोप लगा है।
गौरतलब है कि एकता कपूर इन दिनों ऑल्ट बालाजी की वेब सीरीज ‘ट्रिपल एक्स’ के सीजन-2 को लेकर विवादों से घिरी दिख रही हैं। वेब सीरीज में सेना के जवान की पत्नी को लेकर फिल्माए दृश्य को लेकर काफी विवाद हो रहा है। लोग इसे भारतीय सेना का अपमान बताकर एकता कपूर पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
