इंदौर। कोरोना संकट के बीच सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने इंदौर संभाग के कमिश्नर आकाश त्रिपाठी का तबादला कर दिया है। इसके अलावा देवास, धार, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, सिंगरौली, आगर-मालवा के कलेक्टरों का भी तबादला किया है।
मप्र शासन द्वारा जारी की गई सूचि के अनुसार आकाश त्रिपाठी की जगह पवन कुमार शर्मा को इंदौर संभाग का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। बता दे कि पवन कुमार शर्मा वर्तमान में इंदौर नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण में आयुक्त के पद पर तैनात है। अब उन्हें इंदौर संभाग का नया कमिश्नर बनाया गया है। वहीं आकाश त्रिपाठी को मध्यप्रदेश पॉवर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड , जबलपुर में प्रबंध संचालक तथा मध्यप्रदेश शासन, ऊर्जा विभाग में पदेन सचिव के पद पर तैनात किया गया है।
शासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार देवास के कलेक्टर श्रीकांत पांडे को हटाकर चंद्रमौली शुक्ला को देवास का नया कलेक्टर बनाया गया है। श्रीकांत बनोठ की जगह आलोक कुमार सिंह को धार जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। जगदीश चन्द्र जटिया की जगह अनिल कुमार खरे को को मंडला जिले का कलेक्टर बनाया है। नरसिंहपुर में कलेक्टर दीपक कुमार की जगह वेदप्रकाश को नए कलेक्टर के पद पर तैनात किया गया है। बसंत कुर्रे को रीवा कलेक्टर के पद से हटाकर इलैयाराजा टी को रीवा का नया कलेक्टर बनाया है। सिंगरौली में कलेक्टर वीएस चौधरी कोलसानी को हटाकर राजीव रंजन मीना को कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं संजय कुमार को आगर-मालवा के कलेक्टर पद से हटाकर अवधेश शर्मा की नियुक्ति की गई है। इनके अलावा भोपाल नगर पालिका निगम आयुक्त बी विजय दत्ता को हटाकर वीएस चौधरी कोलसानी को नया आयुक्त बनाया गया है।

