मंदसौर। मंदसौर शहर के समाजसेवी नाहरु खान ने नवाचार करते हुए सेंसर से चलने वाली घंटी बनाई है। यह घंटी विश्वप्रसिद्ध भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में लगाई गई है। इस घंटी की ख़ास बात यह है कि डेढ़ फीट दूर से हथेली दिखाते ही घंटी बजने लगेगी।
दरअसल कोरोना संक्रमण को देखते हुए देशभर में धामिक स्थलों पर घंटी बजाने पर रोक लगा दी गई हैं। अलग-अलग लोगों द्वारा एक ही घंटी को छूने से कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत मंदसौर के विश्वप्रसिद्ध भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में घंटी बजाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। लेकिन यहां आने वाले श्रद्धालु घंटी की बजने से नाखुश नजर आ रहे थे।
ऐसे में मंदसौर के समाज सेवी और इंजीनियर नाहरू खान ने नवाचार करते हुए सेंसर से चलने वाली घंटी बनाई है। इसे बजाने के लिए श्रद्धालुओं को घंटी छूने की जरुरत नहीं हैं बल्कि डेढ़ फीट दूर से हथेली दिखाते ही घंटी बजने लगेगी। इससे घंटी से कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका भी खत्म हो गई है और श्रद्धालु भी घंटियों की आवाज से खुश नजर आ रहे हैं।
वहीं मंदिर के पुजारी कैलाश भट्ट का कहना है कि बहुत अरसे बाद मंदिर प्रांगण में घंटियों की गूंज सुनाई दी है। कोरोना से जल्द मुक्ति मिलेगी।
बता दे कि नहरू खान इससे पहले सेनेटाइजर मशीन और थर्मल स्कैनर मशीन अस्पताल, मंदिरो और मस्जिद में दान कर चुके हैं। इसके अलावा लॉकड़ाउन के चलते लगभग दो लाख गरीबों को खाने के पैकेट बांट चुके हैं।
