नरसिंहपुर। तस्वीर में हैरतअंगेज करतब करती दिखाई दे रही इस लड़की की उम्र महज छह साल है। जिस उम्र में इस बच्ची के हाथ में किताबें और खिलौने होने चाहिए उस उम्र में इसके नाजुक कंधों पर पूरे परिवार के भरण पोषण का जिम्मा आ गया है। समय की मार और गरीबी की बेबसी ने बच्ची से उसका बचपन ही छीन लिया है।
करतब दिखा रही छह साल की इस बच्ची का नाम कावेरी है। ऐसा नहीं है कि कावेरी पढ़ना नहीं चाहती है या खेलना नहीं चाहती है। लेकिन पारिवारिक मजबूरियों ने उसे यह सब करने पर मजबूर कर दिया है। कावेरी अपनी जान जोखिम में डाल कर तमाशा दिखाई है, जिससे उसे और उसके परिवार को दो वक़्त का खाना नसीब हो पाता है।
रस्सी पर चलना और लगभग 15 फुट ऊपर से ये खतरनाक स्टंट करना ही अब इनका रोजी रोटी का जरिया है। प्रशासन का उदासीन रवैया और पेट की भूख ही इन्हें ये सब करने को मजबूर करती है।
