गुना। एक दिन बातों ही बातों में बहन ने अपने भाई से हेलीकॉप्टर में घूमने की इच्छा जताई। मजाक में कही गई इस बात को बहन तो भूल गई, लेकिन भाई ने बहन की इच्छा पूरी करने का संकल्प बना लिया। गुरुवार को जब बहन की शादी हुई तो भाई ने हेलीकॉप्टर में बैठाकर बहन की बिदाई की।
भाई-बहन के प्रेम की कभी न भूलने वाली यह दास्तान गुना जिले के म्याना क्षेत्र की है। गुरुवार को यहाँ रहने वाले किसान राजेंद्र सिंह भदौरिया की बेटी पूजा की शादी हुई। अशोकनगर जिले के भूराखेडी गांव से पूजा की बारात आई थी। शादी के बाद पूजा अपने पति के साथ हेलीकॉप्टर में बैठकर अपने ससुराल के लिए रवाना हुई। दुल्हन पूजा के लिए यह खास इंतजाम उसके भाई पंकज ने किया था।
राजेन्द्र भदौरिया ने बताया कि शुरू से ही उनकी बेटी पूजा अपने भाई पंकज से खास लगाव रखती थी। एक दिन उसने बातों ही बातों में अपने भाई के सामने हेलीकॉप्टर में घूमने की इच्छा जताई थी। पूजा तो खुद यह बात कहकर भूल गई, लेकिन पंकज ने इसे याद रखा। उसने पैसे जोड़ना शुरू किए और जब शादी का दिन नजदीक आया तो दिल्ली जाकर सात लाख रुपए में हेलीकॉप्टर भी बुक करा दिया। इसके लिए उसने प्रशासन से परमिशन भी ली। और शादी के बाद अपनी बहन को हेलीकॉप्टर में बैठाकर विदा किया। हेलीकॉप्टर से एक बेटी की बिदाई को देखने के लिए पूरा गाँव उमड़ पड़ा। लोग यह कहते नजर आए कि भाई-बहन के बीच प्रेम हो तो ऐसा।
