इंदौर/मंदसौर/नीमच 15 OCT। मध्य प्रदेश के जिस मंदसौर जिले में किसानों ने अपनी खपत को लेकर जबरदस्त आंदोलन किया था आज उसी इलाके में लहसुन की बम्पर पैदावार के बाद किसानों की चेहरे खिल उठे हैं। जिन किसानों ने लहसुन की फसल बोई थी उन्हें अच्छे दाम मिल रहे हैं। मंदसौर, नीमच और इंदौर लहसुन उत्पादन के बड़े केंद्र हैं। इन दिनों इंदौर, मंदसौर और नीमच की मंडियों में भारी मात्रा में लहसुन की आवक हो रही है। लहसुन का दाम आठ हजार रुपए से लगाकर 20 हजार रुपए प्रति क्विंटल बिक रही है। मंदसौर में लहसुन आठ हजार रुपए से लगाकर 18 हजार रुपए के बीच, इंदौर में दस हजार रुपए से 22 हजार रुपए के बीच और नीमच में 20 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक लहसुन के दाम मिल रहे हैं। इन दामों से किसानों के चेहरों पर कई सालों के बाद मुस्कान लौटी है। हालाँकि कुछ किसानों अपनी बर्बाद हुई फसलों को लेकर अपना दुखड़ा सुना रहे है।
मंदसौर मंडी में प्रति दिन बड़ी संख्या में किसान लहसुन लेकर पहुँच रहे हैं। यहाँ पहुँच रहे किसान लहसुन के दाम मिलने से खुश हैं। किसानों का कहना है कि लहसुन के दाम से हम खुश है, लेकिन अतिवृष्टि के कारण सोयाबीन, मक्का, उड़द की फसलों को नुकसान हुआ है।
वहीँ नीमच में भी लहसुन की बंपर आवक हो रही हैं। नीमच में प्रदेश की सबसे बड़ी औषधि और मसाला मंडी है। यहां किसानों को उनकी उपज का बहुत अच्छा दाम मिलता है। नीमच मंडी में जिले के साथ-साथ आसपास के कई जिलों के किसान लहसुन ले लेकर आ रहे हैं। पड़ोसी राजस्थान के भी किसान यहां अपना लहसुन बेचने आ रहे हैं।
इंदौर मंडी में लहसुन बेचने आए किसानों का कहना है कि इस बार लहसुन के दाम अच्छे है। पिछली बार लहसुन एक हजार से छह हजार में बिक रही थी वहीँ इस बार दस हजार रुपए से 22 हजार रुपए के बीच बिक रही है।
