श्योपुर। कार चलाना सीख रहे युवा ने ब्रेक लगाने की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। इससे कार बेकाबू हो गई और एक बुजुर्ग को टक्कर मारती हुई नदी में जा गिरी। नदी में गिरने के बाद पानी के बहाव में बहने लगी। कार में बैठे तीन युवा किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे।
दरअसल श्योपुर शहर में तीन दोस्त कार चलाना सीख रहे थे। इस दौरान कार चला रहे युवक को झोपड़ी दिखी। कार झोपड़ी से न टकराए इसलिए उसने ब्रेक लगाना चाहा लेकिन ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। इससे कार झोपड़ी के बाहर बैठे बुजुर्ग मिश्रीलाल को टक्कर मारते हुए नदी में जा गिरी। इस घटना में मिश्रीलाल की पसलियां टूट गईं।
वहीँ कार नदी में गिरने के बाद उसमें सवार तीनों युवक किसी तरह खिड़की में से बाहर निकल आए और तैरकर किनारे तक पहुंचे। नदी से निकलने के बाद तीनों युवक फरार हो गए। वहीँ घायल मिश्रीलाल का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने कार को नहर से बरामद कर लिया है।
