इंदौर। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का जन्मदिन मनाने के लिए भीड़ जुटाने के मामले में पुलिस ने पूर्व भाजपा विधायक सुदर्शन गुप्ता पर धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बता दे कि कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के आंदोलन करने की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता पर मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को नरेंद्र सिंह तोमर का जन्मदिन मनाने के लिए पूर्व भाजपा विधायक सुदर्शन गुप्ता ने राशन वितरण के नाम पर कंटेनमेंट एरिया में भीड़ जुटा ली। इस दौरान सुदर्शन गुप्ता के साथ भाजपा के कई नेता भी जुटे। यहां लोगों को पहले दो घंटे तक भाषण सुनाया गया। साथ ही लाउडस्पीकर पर राशन लूट लो जैसे बेशर्मी भरे नारे भी लगाए।
दो घंटे की भाषणबाजी के बाद लोगों को बिना सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सेनेटाइजेशन के राशन बांटना शुरू किया। इस दौरान राशन लेने के लिए लोग टूट पड़े। लोग एक-दूसरे से पैकेट छीनने लगे। यही नहीं हाथापाई तक की नौबत आ गई। आयोजकों ने सोशल डिस्टेंसिंग की कोई व्यवस्था नहीं की थी।
ख़ास बात यह है कि यह सब उस क्षेत्र में हुआ जहाँ पहले ही कोरोना संक्रमण के 65 मामले सामने आ चुके हैं, वहीं तीन लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। वहीं मामला सामने आने के बाद देर शाम तक पुलिस हंगामे की जानकारी होने से ही इंकार करती रही। हालांकि विधायक संजय शुक्ला द्वारा आंदोलन करने की घोषणा के बाद जिला प्रशासन ने पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता पर धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
इस पूरे मामले में पूर्व भाजपा विधायक सुदर्शन गुप्ता का कहना है कि हमने राशन वितरण के लिए टोकन बंटवाए थे और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए गोले बनवाए थे। लेकिन मौके पर उम्मीद से ज्यादा लोग आ गए, जिससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था हुई। जिसे बाद में नियंत्रण कर लिया गया। भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, हम इसका ध्यान रखेंगे।
