अशोकनगर। गुना-शिवपुरी संसदीय सीट से दिग्गज कांग्रेसी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराने वाले भाजपा सांसद डॉक्टर कृष्णापाल यादव और उनके बेटे सार्थक यादव के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। यह मामला थाना कोतवाली जिला अशोकनगर में दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ कथित तौर पर जाली दस्तावेज जमा करने के कारण मामला दर्ज किया गया है।
मामला 2014 का बताया जा रहा है। कृष्णापाल यादव पर आरोप है कि उन्होंने अपने बेटे सार्थक यादव को आरक्षण का लाभ दिलाने के लिए अपनी वार्षिक आय आठ लाख रुपए से कम बताई थी। जबकि लोकसभा चुनाव में पर्चा दाखिल करते समय उन्होंने अपनी वार्षिक आय 39 लाख रुपये बताई थी। दोनों आय में अंतर होने के कारण कांग्रेस विधायक ब्रजेंद्र सिंह यादव की शिकायत पर एसडीएम ने कृष्णापाल यादव और उनके बेटे का जाति प्रमाण पत्र निरस्त कर फाइल कलेक्टर अशोकनगर के पास भेज दी। कलेक्टर अशोकनगर के आदेश पर मामला दर्ज किया गया। कृष्णापाल यादव के खिलाफ जिन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उसमें अधिकतम सात वर्ष की सजा का प्रावधान है।
