नरसिंहपुर। आज जहाँ सारा देश ‘रन फॉर यूनिटी’ के लिए दौड़ रहा है वहीँ प्रदेश के एक सीएमओ ऐसे है जो रोजाना सफाई के लिए साइकिल पर दौड़ लगाते है। सीएमओ साहब की साइकिल शहर की गलियों में घूमती है। जहाँ भी साइकिल के पहिए थमते हैं वहां सफाई शुरू हो जाती है।
दरअसल कभी साइकलिंग राइडर रहे नरसिंहपुर जिले के उपनगर गोटेगांव सीएमओ मौसम पालेवार क्षेत्र में स्वच्छता की अनोखी अलख जगा रहे है। पालेवार रोजाना सुबह छह बजे उठकर सारे शहर का साइकिल से चक्कर लगाते है। उनकी साइकिल शहर की गली गली में जाती जाती है। वह साइकिल से पूरे शहर की सफाई का मुआयना करते है।
सीएमओ पालेवार को जहाँ भी गंदगी दिखती है वह अपनी साइकिल वहीँ रोक देते है। वह तत्काल सफाई कर्मियों को बुलाकर पूरी शिद्दत से अपने सामने ही सफाई कराते है। इससे न सिर्फ क्षेत्र की सफाई होती है बल्कि उनके अधीनस्थ कर्मियों के मन में भी स्वच्छता अभियान के प्रति जागरूकता का भाव उत्पन्न होता है।
सीएमओ पालेवार की स्वच्छता की साइकिल दौड़ की शुरुआत नरसिंहपुर में नहीं हुई है। वह जहाँ भी रहे स्वच्छता के प्रति जागरूक रहे। वह साइकिल चलाकर कसरत भी कर लेते है और शहर की सूरत सुधारने का काम भी। उनकी इस कार्य पद्धति से शहर की गंदगी दूर जा रही है।
पालेवार की इस पहल से क्षेत्र के लोग भी काफी खुश है। सीएमओ जहां भी जाते है स्वच्छता पसर जाती है। साथ ही लोग भी स्वच्छता के प्रति जागरूक हो रहे हैं। लोग गंदगी फैलाने में डरते है क्योंकि अधिकारी खुद सड़क पर लोगों के बीच सफाई करवाता नजर आता है।
अक्सर अधिकारी महंगी गाड़ियों में बैठकर उनके चढ़े शीशे से जन समस्याओं को देख नही पाते या देखकर अंजान बन जाते है। ऐसे में स्वच्छता के लिए यह सकारात्मक सोच न केवल अपने दायित्वों के प्रति निष्ठावान होने की सीख देती नजर आ रहे है बल्कि दूसरे अधिकारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनती दिखाई दे रही है जो हमेशा जरूरतों और संसाधनों का रोना रोते है।
