भोपाल। उत्तर भारत की हवाओं से प्रदेश कांप रहा है। ठंड के ठिठुरन के कारण लोग सुबह और शाम के समय घरों से निकलने से कतरा रहे हैं। ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ो और आग का सहारा ले रहे हैं। कई शहरों में स्कूलों की छुट्टियाँ घोषित कर दी गई है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ था। सुबह के समय कोहरे के कारण वाहनचालकों को सबसे ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विजिबिलिटी काफी कम हो गई है।
मध्य प्रदेश के लोगों को फ़िलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 7 जनवरी से 9 जनवरी के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने के सिलसिला जारी रहेगा। वहीँ हिमाचल प्रदेश में भी 6 तथा 7 जनवरी को येलो अलर्ट जारी किया गया। ऐसे में आने वाले समय में प्रदेश के तापमान में और भी गिरावट देखने को मिल सकती है।
घने कोहरे के कारण रेल यातायात और हवाई यातायात भी प्रभावित हो रहे हैं। कोहरे के कारण कई ट्रेने अपने निर्धारित समय से विलंब चल रही है। वाराणसी-ओखा सुपरफास्ट सहित पांच अन्य प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें एक से पांच घंटे देरी से रतलाम पहुंचीं।
वहीँ प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ हो रही ओलावृष्टि और भारी ठंड के कारण फसलों को भी काफी नुकसान हो रहा है। ओलावृष्टि के बाद किसान जब अपने खेतों पर पहुंचे तो फसल नुकसान देखकर चिंतित हो गए। किसानों के मुताबिक खेतों में कई जगह ओले पड़े मिले।
