नीमच। इन दिनों देशभर में प्याज की कीमत सुर्ख़ियों में है। भोपाल में प्याज 80 रुपए किलो तक बिक रहा है। राजधानी दिल्ली में भी कुछ यही हाल है। इसके बावजूद प्याज उगाने वाले किसानों को बड़े हुए दाम का फायदा नहीं मिल रहा है। बाजार में प्याज भले ही के दाम आसमान छू रहे हो, लेकिन मंडी में प्याज का दाम 20 से 40 रुपए किलो के बीच ही है।
मध्य प्रदेश की नीमच मंडी प्याज के लिए जानी जाती है। इस वर्ष भारी बारिश के कारण भयंकर तबाही मची थी। किसानों के घरों में पड़ा प्याज ख़राब हो गया है। कम आवाक के कारण प्याज की कीमतों में तेजी आई है। लेकिन इसका फायदा किसानों को नहीं बल्कि व्यापारियों को मिल रहा है।
नीमच मंडी में प्याज का औसत दाम 20 रुपए से 25 रुपए किलो ही मिल रहा है। कुछ प्याज के ढेर 35 रुपए से 40 रुपए किलो के बीके। किसानों का आरोप है कि प्याज के दामों में तेजी का कारण वह व्यापारी है जिन्होंने स्टॉक करके रख रखा था। प्याज उगाने वाले किसानों को तो अभी भी नुकसान ही उठाना पड़ रहा है। प्याज की पैदावार में लागत बहुत ज्यादा आती है और नुकसान की संभावनाएं भी बनी रहती है।
किसानों का कहना है कि इन दिनों प्याज के दामों में भले ही तेजी आई है, लेकिन इसका फायदा किसानों को नहीं मिल रहा है। किसानों का मानना है कि यदि नीमच में कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था हो तो किसानो को भी फायदा मिल सकता है। व्यापारी तो जैसे तैसे कर के स्टॉक रख लेता है जिसकी वजह से उन्हें काफी फायदा मिलता है। मंडी निरक्षक भी इस बात को स्वीकार रहे है।
