विदिशा। मध्य प्रदेश में कांग्रेस किसानों की कर्ज माफ़ी का वादा करके सत्ता में आई है। अब यह वादा कांग्रेस सरकार के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। कर्ज माफ़ी के मुद्दे को लेकर विदिशा में किसानों ने कांग्रेस विधायक के घर के बाहर धरना दिया। किसानों का कहना है कि सरकार और विधायक ने उनसे जो वादा किया था वह अब तक पूरा नहीं हुआ है।
दरअसल विधानसभा चुनाव के दौरान विदिशा के कांग्रेस प्रत्याशी और अब विधायक बने शशांक भार्गव ने इलाके के किसानों को वादा था कि वह सारे किसानों का कर्ज माफ़ करवाएंगे। उन्होंने किसानों को कर्ज माफ़ी का वचन दिया था।
विधायक के इस वादे को लेकर विदिशा और आसपास के कई किसान विधायक के निवास पर धरना देने पहुंच गए। किसान करीब एक घंटे तक विधायक के निवास के सामने धरने पर बैठे रहे। हालाँकि विधायक अपने निवास पर नहीं थे। वह गुलाबगंज में किसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
किसानों का कहना है कि कांग्रेस ने किसानों से जो वादा किया था जो कि अब तक आधा-अधूरा है। किसानों पर बैंकों में कर्ज बकाया है और उसके लगातार नोटिस आ रहे हैं। उसका ब्याज वसूला जा रहा है। ऐसे में किसान दुविधा में फंसा हुआ है।
किसानों का यह भी कहना है कि विधायक ने उनसे जो वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं किया गया। इस दौरान धमकी भरे लहजे में किसानों ने कहा कि आज हम विधायक के चक्कर काट रहे हैं। इन्हें भी हमारे बीच वोट मांगने के लिए चक्कर काटने पड़ेंगे। बाद में एसडीएम को ज्ञापन सौपकर किसानो ने अपने धरना खत्म किया।
