उज्जैन। अपने बेटे की शादी में हर्ष फायर करना पिता को भारी पड़ गया। माता पूजन के दौरान हर्ष फायर में गोली अचानक उसी के सीने में जाकर लगी। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इससे पल भर में खुशियाँ मातम में बदल गई।
उज्जैन जिले के गाँव जगोटी में रहने वाले आंजना समाज के परिवार में शादी की रस्में चल रही थी। बुधवार सुबह गाँव में माता पूजन का जुलूस निकल रहा था। इस दौरान हर्ष फायरिंग में चली गोली दूल्हे के पिता विक्रम सिंह अंजना के सीने में जा लगी। गोली लगते ही विक्रम जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।
विक्रम को गोली लगने से शादी की खुशियाँ मातम में बदल गई। परिजन सहित अन्य रिश्तेदार बेहाल हो गए और अफरातफरी की स्थिति बन गई। विक्रम को फ़ौरन उज्जैन अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी तरफ सूचना मिलने पर तत्काल एडिशनल एसपी अंतर सिंह कनेश राघवी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जुलूस में शामिल परिजनों व अन्य रिश्तेदारों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि मृतक विक्रम ही हर्ष फायर कर रहे थे। इसी दौरान गलती से गोली उन्हें ही लग गई।
