डिंडौरी। गाँव के जल संकट को दूर करने के लिए खोदे गए बोरवेल में से पानी की जगह तरल पदार्थ निकलने से हड़कंप मच गया है। तरल पदार्थ को जब गोबर के कंडे पर डालकर माचिस की तीली लगाई तो आग जल उठी। यह घटना जल्द ही पूरे क्षेत्र में आग की तरह फ़ैल गई। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों का जमावड़ा लग रहा है।
मामला डिंडौरी जिले के पड़रिया कला गांव का है। गाँव में जल संकट को दूर करने के लिए पीएचई विभाग ने गाँव में दो बोरवेल खुदवाए। एक बोरवेल में से पानी नहीं निकला जबकि दूसरे बोरवेल में से पर्याप्त मात्रा में पानी निकला था। करीब दो माह बाद जिस बोरवेल में से पानी नहीं निकला था उस बोरवेल में कुछ ग्रामीणों ने पानी जांचने के लिए पत्थर डाला। पत्थर डालते ही बोरवेल में से अजीब सी आवाज आई। इसके बाद ग्रामीणों ने धागे से कांच की छोटी बोतल (शीशी) बोरवेल के अंदर डाली। जब बोतल को बाहर निकाला तो उसमें पानी के साथ कुछ तरल पदार्थ बाहर आया। जब ग्रामीणों ने तरल पदार्थ को जांच करने के लिए उसे उद्देश्य गोबर के कंडे पर डालकर माचिस की तीली लगाई आग भभक उठी।
ग्रामीणों ने इस मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दी है। उक्त घटना खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों का जमावड़ा लग रहा है।
