September 23, 2024

पूर्व आईएएस की पत्नी और कथित पत्नी का करोड़ों की हेराफेरी का विवाद थाने पहुंचा।

एक्सपोज़ टुडे। 

भोपाल के कोलार थाने में  रिटायर्ड आईएएस पूर्व एडिशनल चीफ़ सेक्रेटरी सलीना सिंह ने शिकायत की है की उनके दिवंगत पति एम के सिंह की पत्नी बनकर महिला एवं बाल विकास विभाग की रिटायर्ड डिप्टी डायरेक्टर ममता पाठक ने उनके पति की करोड़ों रूपए की संपत्ति हड़प ली।
रिटायर्ड आईएएस सलीना सिंह की शिकायत के अनुसार
उनके पति दिवंगत आईएएस एम के सिंह की पत्नी बनकर ममता पाठक ने उनकी 53 लाख 70 हज़ार रूपए की एक एफ़डी अपने नाम ट्रांसफ़र करा ली।
इसके साथ ही 50 लाख की एक अन्य एफ़डी और एम के सिंह के नाम करोड़ों की संपत्ति हड़पने का आरोप है।
आईएएस एम के सिंह का 14 मार्च 2022 को निधन हो गया था। कोलार थाने में की गई शिकायत के अनुसार उनके पति की मौत 14 मार्च को हुई जबकि ममता पाठक ने 2021 जबकि ममता पाठक ने 2021 में ख़रीदे गए स्टाम्प पेपर पर उनके पति के नाम बैंक में जमा राशि, एफ़डी,ज़मीन व प्लॉट अपने नाम कराने की वसीयत 23 मार्च को रजिस्टर्ड कराई है। ममता पाठक पर सलीना सिंह की शिकायत पर चूना भट्टी पुलिस ने एक प्लॉट डेढ़ करोड़ में बेचनें संबंधी केस दर्ज किया है।
एम के सिंह की पत्नी सलीना सिंह भी मध्यप्रदेश कैडर की सीनियर आईएएस रही हैं और एडिशनल चीफ़ सेक्रेटरी के पद से रिटायर हुई हैं।

विवादित रहे दिवंगत आईएएस सिंह

ममता पाठक महिला एवं बाल विकास विभाग में डिप्टी डायरेक्टर पद से एक दशक पहले रिटायर हुई थी।  वे एमके सिंह के क्षेत्र में ही रहती थी। महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि सलीना सिंह से तलाक के बाद ममता पाठक एमके सिंह के साथ ही रह रही थी। उन दोनों ने विवाह किया था या नहीं इसकी जानकारी लोगों को नहीं है। साथ रहने के आधार पर ही ममता पाठक ने एमके सिंह की सम्पत्ति और बैंक में जमा राशि अपने नाम कराई थी। बताया गया है कि कागजों में ममता ने खुद को स्व. एमके सिंह की पत्नी के रूप में दर्ज कराया है। गौरतलब है कि एमके सिंह का विवादों से नाता रहा है। राजस्व मंडल के अध्यक्ष रहने के दौरान सिंह ने सरकारी जमीन निजी करने का आदेश जारी किया था, जिसके बाद उनके रिटायरमेंट के पहले सरकार ने उन्हें अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी थी।

ममता पाठक ने फर्जी आधार कार्ड का किया उपयोग पुलिस
कोलार थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि एमके सिंह का एड्रेस दानिश हिल्स व्यू 1/75 है, जबकि ममता पाठक का पता दानिश हिल्स व्यू 1/86 है। ममता ने 19 फरवरी 2021 को अपना आधार कार्ड इसी पते पर बनवाया, जिसमें मूल आधार कार्ड में मतता पाठक पिता सिद्धगोपाल पाठक (एसजी पाठक) लिखा हुआ है। जबकि इसी मूल आधार कार्ड को कूटरचित करते हुए ममता पाठक ने पति के नाम के आगे एमके सिंह लिख लिया और उनका पता भी 1/86 दानिश हिल्स व्यू लिख लिया है।

बैंक खाते में पति का नाम लिखा एमके सिंह
थाना प्रभारी ने बताया कि ममता पाठक ने एमके सिंह की मृत्यु के बाद मंदाकिनी कोलार में स्थित आईसीआईसीआई बैंक में एमके सिंह के नाम जो खाता था, उसमें एमके सिंह के वारिस के रूप में अपने को प्रस्तुत किया और अपना कूटरचित आधार कार्ड लगाया, जिसमें पति के रूप में एमके सिंह का नाम लिखा है। बैंक ने इसी आधार पर एमके सिंह की एफडी और खाते में जमा अन्य राशि ममता पाठक को दे दिए।

दो माह पहले कराई थी सलीना सिंह ने शिकायत
पुलिस सूत्रों के अनुसार रिटायर्ड एसीएस सलीना सिंह ने करीब दो माह पहले कोलार थाना पुलिस में शिकायत की थी कि मैं एमके सिंह की पत्नी हूं। एमके सिंह के दो विधिक वारिस डॉ. महक सिंह व मन्नत सिंह हैं। ममता पाठक ने एमके सिंह के विधिक उत्तराधिकारियों की संपत्तियों को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर सिंह की पत्नी बनकर हड़प ली है। इसी आधार पर कोलार पुलिस ने जांच की और आरोपी ममता पाठक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

 

Written by XT Correspondent