शाजापुर। मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में एक निर्माणाधीन कुएं की दीवार गिरने से चारों मजदूरों की मौत हो गयी है। मारे गए मजदूरों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। घटना की जानकारी के बाद प्रशासनिक अमला और ग्रामीण मौके पर पहुंचा और मारे गए मजदूरों के शवों को बाहर निकाला जा रहा है।
यह दर्दनाक हादसा शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम बिजनाखेड़ी में हुआ है। यहां एक कुएं के गहरीकरण का काम चल रहा था। इस दौरान कुएं में काम कर रहे मजदूरों पर एक दीवार भरभरा कर उनके ऊपर गिर गई, जिसमें चारों मजदूर दब गए।
घटना की खबर लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और मजदूरों को निकालने का काम शुरू किया। इस बीच सूचना मिलने पर मोहन बड़ोदिया पुलिस एवं प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा और मजदूरों को बाहर निकालने में जुट गया।
