अशोकनगर। अयोध्या मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अशोकनगर में हिन्दू मुस्लिम समुदाय ने आपसी सौहार्द का परिचय दिया। यहाँ के सभी वर्गों ने एक सुर में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। फैसला आने के बाद मस्जिद के ईमाम और मंदिर के पुजारी ने एक-दूसरे को गले लगाया और मिठाई खिलाई।
अशोकनगर में मुस्लिम समाज के सदर अलीम खान के निवास पर विधायक जजपाल सिंह जज्जी की मौजूदगी में जामा मस्जिद के इमाम काजी गुल मोहम्मद और त्रिदेव मंदिर के महंत सेवानन्द महाराज ने फैसला आने पर एक दूसरे से गले लगकर बधाई दी। साथ ही एक-दूसरे को मिठाई भी खिलाई।
मुस्लिम समाज के सदर ने मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि के रूप में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर खुशी जाहिर की और इमाम व पुजारी को माला पहना कर स्वागत किया।
मस्जिद के इमाम काजी गुल मोहम्मद ने कहा कि यह फैसला देश में अमन और चैन को कायम करने में बहुत बड़ा योगदान करेगा। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पूरी तरह स्वीकार करते हुए इस पर खुशी जाहिर की।
त्रिदेव मंदिर के महंत सेवानंद जी ने भी राम मंदिर के लिए विवादित जमीन को मिलने एवं मस्जिद के लिए अलग से जमीन मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए ऐसे देश की एकता को जोड़ने वाला कदम बताया।
जजपाल सिंह जज्जी ने इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि फैसले आने के बाद ही सभी लोग हम एक साथ घूम रहे हैं और सबको यह फैसला स्वीकर है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चल रहा है एक विवाद आज बहुत शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया है।
