भोपाल। सुप्रीम कोर्ट की 5 जजों की संविधान पीठ शनिवार को अयोध्या विवाद पर अपना फैसला सुनाएगी। प्रदेश सरकार और नेताओं ने लोगों से सामाजिक सौहार्द्र कायम रखने की अपील की है। प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, प्रदेश के मंत्री जीतू पटवारी सहित अन्य बड़े नेताओं ने लोगों से अयोध्या फैसले को आत्मसात करने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
फैसले को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्विटर पर लिखा है कि, “अयोध्या मामले पर आने वाले सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के मद्देनज़र मैं प्रदेश की जनता से अमन-चैन,शांति व सद्भावना की अपील करता हुँ। हर वर्ग से अपील करता हुँ कि जो भी फ़ैसला आये, सभी मिलजुलकर उसका सम्मान व आदर करे।“
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, “हम सभी प्रदेशवासियों से अपील करते हैं कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के बारे में मा। सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आने वाला है, फैसला जो भी आये; समाज का हर वर्ग उसे स्वीकार करे। उस फैसले का सम्मान करें। हम सब मिलकर प्रदेश में शांति, सद्भाव, स्नेह, आत्मीयता बनी रहे, इसका प्रयास करें।“
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर लिखा कि, “राम मंदिर पर जो भी अदालत का फैंसला हो हमें सहर्ष स्वीकार करना चाहिये। गुरू नानक जी का 550 वर्ष प्रकाश पर्व पर यही सबसे उचित संदेश होगा।“
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा है कि, “आज हमें पुरे विश्व को यह सन्देश देना चाहिए कि ये वो देश है, जहाँ हजारों वर्षों से मिलजुलकर हम रहते आये हैं। इसलिए प्रत्येक प्रदेशवासी से मैं अपील करना चाहता हूँ कि हम सब मिलजुलकर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करें।“
वहीँ प्रदेश सरकार में मंत्री जीतू पटवारी ने कहा है कि, “अयोध्या फैसले को हर वर्ग- हर धर्म – हर समाज के साथी जो संविधान को मानते है उसे आत्मसात करना चाहिए। हमारे लिए देश महत्वपूर्ण है, अदालत के निर्णय का ससम्मान स्वागत करना चाहिए।“
इनके अलावा प्रदेश के अन्य बड़े नेताओं ने भी प्रदेश में सामाजिक सौहार्द्र कायम रखने की अपील की है।
