एक्सपोज़ टुडे, इंदौर।
दिवाली पर विजय नगर में बदमाशों ने गैस वाहन के चालक आकाश सांगले की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपितों ने शराब के नशे में चाकुओं के कईं वार किए और उसकी मौत हो गई। हमले में आकाश के दो साथी भी घायल हुए है। आरोपित भी आपराधिक प्रवृति का बताया जा रहा है। पुलिस ने एक आरोपित राहुल लंगड़ा को गिरफ्तार कर लिया है।इस मामले में एक गैंगस्टर का नाम सामने आ रहा है।
विजय नगर थाना पुलिस के मुताबिक मृतक का नाम आकाश पुत्र संतोष सांगले उम्र 21 साल निवासी बड़ी भमोरी है। आकाश के दो साथी राजा मुकाती और सोनू ढालसे चाकू लगने से घायल हुए हैं। हत्यारों में दादू कांचा, पम्मू, राहुल लंगडा, कुलदीप, नानू का नाम सामने आया है।
आकाश के भाई अनिल ने पुलिस को बताया कि गुरुवार दोपहर को दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रात को दोनों पक्ष समझौते के लिए एकत्र हुए थे। बताया जाता है कि भमोरी स्थित खाली मैदान में आरोपितों ने शराब पार्टी की और दोबारा कहासुनी हुई।
आरोपितों ने एकमत होकर आकाश, सोनू, राजा पर चाकू से हमला बोल दिया। तीनों को घायल अवस्था में एमवाय अस्पताल ले जाया गया लेकिन चोट गहरी होने से आकाश की देर रात मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश में छापे मारे लेकिन फरार हो गए। शुक्रवार तड़के पुलिस ने राहुल लंगड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के पीछे गैंगस्टर का हाथ
पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे गैंगस्टर के सदस्य का हाथ सामने आ रहा है। आकाश एक युवती से शादी करने वाला था,इसी बात का विवाद सामने आ रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपित आकाश पर भी कईं केस दर्ज है। हत्यारों के खिलाफ भी कईं केस दर्ज हैं।
