भोपाल। आख़िरकार विपक्ष के विरोध के बाद अब सरकार ने शराब दुकानों पर सिर्फ पुरुष कर्मचारियों की तैनाती करने का फैसला किया है। आबकारी विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा है कि देशी-विदेशी शराब की दुकानों पर विक्रयकर्ता और चौकीदार के कार्य के लिए केवल पुरुष कर्मचारियों की ही ड्यूटी लगाई जाए।
गौरतलब है कि शराब की दुकानों पर महिला अधिकारी की ड्यूटी लगाने को लेकर शिवराज सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। मामले को लेकर कमलनाथ ने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘शिवराज जी आप जब विपक्ष में थे तो प्रदेश में शराब को लेकर खूब विरोध करते थे, खूब भाषण देते थे, शराब को बहन-बेटियों के लिये ख़तरा बताते हुए उनको साथ लेकर धरने पर बैठते थे। अब तो आपने बहन-बेटियों को ही शराब की दुकानो पर बैठा दिया? इससे शर्मनाक व दोहरा चरित्र कुछ नहीं हो सकता है?’
बता दे कि मध्य प्रदेश सरकार और शराब के ठेकेदारों के बीच चल रहे विवाद के कारण 70 फीसदी ठेकेदारों ने शराब की दुकानें सरेंडर कर दी है। ऐसे में सरकार ने आबकारी विभाग के माध्यम से खुद दुकानें खोली हैं। दुकान संभालने के लिए आबकारी विभाग की स्टाफ की ड्यूटी लगाई है। कई ठेकों पर आबकारी पुलिस की महिला अधिकारी भी बैठकर शराब बेचती नजर आईं है।
