बड़वानी। अपने सरकारी आवास को साफ़ और सुसज्जित रखने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस विभाग सम्मानित करेगा। दिवाली पर पुलिस अधीक्षक ने टीम बनाकर सरकारी आवास का निरीक्षण कराया। अब पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
यह अनोखी पहल बड़वानी पुलिस विभाग की ओर से शुरू किया है। इसमें उन पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा जिनके सरकारी मकान सुसज्जित और साफ हैं। दिवाली से पहले पुलिसकर्मियों को इस पहल के बारे में बताया गया तो सभी अपने सरकारी आवास को सुसज्जित करने में लग गए। इसके बाद निरीक्षण के लिए बनाई गई टीम ने सभी आवासों का अवलोकन कर सबसे सुंदर और सुसज्जित मकानों की सूची बनाकर दी है। अब उन आवास में रहने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में डीआरपी लाईन के एएसआई आरके लौवंशी का निवास पहले स्थान पर रहा जबकि आरक्षक घनश्याम का निवास दूसरे और प्रआ हेमराज वर्मा का निवास तीसरे स्थान पर रहा।
ऐसे ही न्यू पुलिस लाईन चूना भट्टी में एएसआई विकास गवाने का निवास प्रथम, आरक्षक गजेंद्रसिंह का निवास दूसरे और आरक्षक दिनेश चौहान का निवास तीसरे पायदान पर रहा।
वहीं बावनखोली लाईन में प्रआ अशोक नैय्यर का निवास पहले, महिला बाल आरक्षक वैशाली सैनी का निवास दूसरे और महिला आरक्षक उमा भारती का निवास तीसरे स्थान पर रहा। अब इन्हें विभाग की तरफ से पुरस्कृत किया जाएगा।
