बैतूल। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के लिए अब यह योजना ही मुसीबत बनती जा रही है। योजना का लाभ लेने के लिए लोगों ने अपने कच्चे घरों को तोड़कर पक्का मकान बनाने का काम शुरू कर दिया। लेकिन अब हितग्राहियों को योजना की दूसरी किस्त नहीं मिल पा रही है। इससे मकान आधे-अधूरे ही बन पाए हैं और हितग्राहियों के सामने रहने की समस्या आ खड़ी हुई है।
दरअसल बैतूल जिले के मुलताई की साईंखेड़ा नगर परिषद में करीब 1100 हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किया था। इन्हें योजना के अनुसार पहली किस्त यानी एक लाख रुपए मिले। इन पैसों से हितग्राहियों ने अपने कच्चे मकान को तुड़वाकर पक्के मकान बनाने का काम शुरू किया। लेकिन अब दूसरी किस्त नहीं मिलने से मकान का काम पूरा नहीं हो पा रहा है।
तपती गर्मी और बारिश के बाद अब हितग्राहियों को ठंड में भी अपना मकान नसीब नहीं हो पाया है। हितग्राही टूटे-फूटे मकान में ही रहने पर मजबूर है। इसको लेकर कई बार क्षेत्र के नेताओं और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक इनकी समस्या का समाधान नहीं पाया है। हितग्राहियों की मांग है कि प्रशासन को जल्द ही हमारी ओर ध्यान देना चाहिए और योजना की दूसरी किस्त जारी करना चाहिए।
