Xpose Today News
इंदौर में अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद हैं की बुधवार देर शाम दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी ब्रोकर पर ताबड़तोड़ गोलियाँ चला दी। प्रॉपर्टी ब्रोकर पर भी आधा दर्जन केस दर्ज हैं और वह भी खजराना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। जिस कॉलोनी में यह गोलीकांड हुआ वहां कई आईपीएस और एडीशनल एसपी से लेकर टीआई लेवल के अधिकारी रहते हैं।
महालक्ष्मी नगर की सनसिटी कॉलोनी में रहे प्रॉपर्टी ब्रोकर मनोज नागर पर बाइक सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज़ में फायरिंग कर दी। यह घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र के सन सिटी के पास हुई। गंभीर रूप से घायल नागर को बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, मनोज नागर साईं कृपा कॉलोनी स्थित ऑफिस बंद कर अपनी फॉर्च्यूनर कार से जा रहे थे। तभी सन सिटी के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे। सभी ने हेलमेट पहन रखे थे। अचानक बदमाशों ने कार रोककर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान मनोज नागर को दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
“लसूडिया पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मनोज नागर को बाइक सवार हेलमेटधारी बदमाशों ने गोली मार दी। बदमाशों ने मनोज पर एक के बाद एक कई फायर किए गए, जिसमें उनके पेट और हाथ में तीन गोली लगी। उन्हें घायल देखकर लोगों ने बंबई अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।”
“पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों से बात की। उन्होंने बताया कि मनोज कुछ दिन पहले खजराना छोड़कर सनसिटी में आकर रह रहा था। हमलावर दो बाइक पर आए थे, उनके साथ एक कार भी थी। मनोज जब अपनी गाड़ी से निकला, तो वहां कार से रास्ता रोका गया। इसके बाद दो बाइक सवारों ने फायर किए, जिसमें पहली गोली मनोज के हाथ पर लगी।”

लसूड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि शूटरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। प्रॉपर्टी ब्रोकर पर हुई इस फिल्मी अंदाज़ की फायरिंग ने शहर के रियल एस्टेट जगत और कारोबारी समुदाय में दहशत फैला दी है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी की संभावना भी शामिल है।
