खंडवा। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश फौज की तरफ से लड़ाई लड़ने वाले रिटायर्ड सैनिक का अनोखे तरीके से 100वां जन्मदिन मनाया गया। उनकी चार पीढ़ी के करीब 200 लोगों ने केक काटकर और उनकी आरती उतारकर उनका जन्मदिन मनाया।
दरअसल खंडवा के रिटायर्ड सैनिक हरिभाऊ सालुंके 100 साल के हो गए है। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान जब भारत में ब्रिटिश राज था तब उन्होंने जहाजों के बेड़ों को युद्ध के लिए तैयार किया था। युद्ध में लाशों के ढेर देख उन्होंने सेना की नौकरी से त्यागपत्र दे दिया और भारत को आजादी दिलाने में जुट गए। हरिभाऊ आज देश सेवा के लिए युवाओं से सेना में जाने की अपील भी करते हैं।
परम गांधीवादी हरिभाऊ सालुंके के सेना में योगदान को देखते हुए खंडवा में सैनिक कल्याण विभाग ने उनके 100वें जन्मदिन पर सम्मान समारोह का आयोजन किया। वह 100 वर्ष पूरे करने वाले निमाड़ अंचल के एक मात्र जीवित सैनिक है। लिहाजा सैनिक कल्याण विभाग ने शाल-श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर उनका सम्मान किया। उनके इस सम्मान समारोह को देखने के लिए देशभर में फैले उनकी पीढ़ियों के लोगों ने शिरकत की। उम्र के इस पड़ाव पर भी हरिभाऊ किसी पर बोझ नहीं है।
