देवास। देवास कृषि उपज मंडी में सोयाबीन बेचने आए किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। दरअसल मध्यप्रदेश में किसान पहले ही अतिवृष्टि से परेशान है। इस बार ज़्यादा बारिश होने से फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इससे उबरने के लिए हर साल की तरह मप्र सरकार ने समर्थन मूल्य की घोषणा की है लेकिन कृषि उपज मंडी के व्यापारी किसानों से औने- पौने दामों में खरीदकर किसानों को आर्थिक नुकसान पहुँचा रहे हैं।
बुधवार को देवास मंडी में एक किसान की सोयाबीन को महज 230 रुपए क्विंटल में बेचने की बोली लगाई गई तो वह आक्रोशित हो गया। बताया जाता है कि बाकी किसानों से भी कम कीमत पर खरीदी की जा रही है।
व्यापारी जानते हैं कि इस समय किसानों को अगली फसल बुआई और दीवाली के लिए रुपयों की ज़रूरत है। इसलिए उन्हें ठगा जा रहा है।
