दीपावली नज़दीक आते ही इंदौर आने वाली बसों का किराया मनमाना वसूला जाता है। इंदौर आरटीओ (क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी)ने इन बसों पर लगाम कसते हुए यात्रियों से वसूला गया ज़्यादा किराया ऑन द स्पॉट ही वापस दिलवा दिया।
मुंबई से इंदौर आई दो बसों हंस ट्रेवल्स और राजरतन ट्रेवल्स की जांच की गई। टीम ने जब बस में बैठे यात्रियों से टिकट दरों के बारे में पूछा तो कई यात्रियों नेखुलासा कर दिया कि उनसे सामान्य किराए से ₹1500 तक ज्यादा वसूला गया था। जो सामान्य किराए के चार गुना तक अधिक है।
जांच के बाद आरटीओ टीम ने बस संचालकों को यात्रियों को अतिरिक्त पैसा लौटाने के निर्देश दिए। आरटीओ शर्मा के अनुसार, हर साल दीपावली और रक्षाबंधन जैसे पर्वों के दौरान अन्य राज्यों से आने वाली बसें किराया बढ़ाकर यात्रियों से मनमानी वसूली करती हैं। इन शिकायतों के बाद परिवहन विभाग ने पहली बार ऑन-द-स्पॉट रिफंड जैसी कार्रवाई की, ताकि यात्रियों को तुरंत राहत मिल सके।
यात्री ने कहा, “हर बार त्योहार के समय बसों का किराया बढ़ा दिया जाता है, लेकिन इस बार हमें राहत मिली।”बसों से आए यात्रियों ने आरटीओ टीम का धन्यवाद किया और कहा कि यह पहली बार हुआ जब किसी ने उनकी बात सुनी और उनका पैसा वापस दिलवाया।
