खंडवा। देश में चल रहे स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता लाने के लिए सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद नए-नए तरीके अपना रहे हैं। खंडवा नगर निगम भी लोगों को स्वच्छता का संदेश देने विलुप्त होती कठपुतली नृत्य और नुक्कड़ नाटक का सहारा ले रही है। कठपुतली नृत्य और नुक्कड़ नाटक के कलाकार लोगों को स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं।
दरअसल खंडवा में कठपुतली नृत्य कला के जरिए लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया जा रहा है। शहर के गली-गली और चौक चौराहों पर कठपुतली नृत्य कला के कलाकार नाट्य प्रस्तुति कर स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं। इन कलाकारों के इस अनूठी शैली को देखने के लिए लोग बरबस ही इकट्ठे होकर भीड़ में तब्दील हो जाते हैं।
आधुनिक दौर में कठपुतली नृत्य जैसी कला विलुप्त होती जा रही है। इस कारण इन कलाकारों के सामने रोजगार का संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसे में नगर निगम द्वारा कलाकारों को मनोरंजन के साथ-साथ समाज में स्वच्छता की जागरूकता लाने की जिम्मेदारी दी गई है।
बहरहाल स्वच्छता सर्वेक्षण से पूर्व चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के इन कवायदों से एक तरफ जहाँ आम जनता को मनोरंजन का भरपूर डोज मिल रहा है। वहीं आम जनता के बीच स्वच्छता का सीधा संदेश परोसा जा रहा है।
