इंदौर। मध्यप्रदेश में नई सरकार बनने के बाद पहली बार इन्वेस्टर्स समिट मैग्नीफिसेंट एमपी का आयोजन किया जा रहा है। 18 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मैग्नीफिसेंट एमपी कार्यक्रम और 17 अक्टूबर की शाम को होने वाले कार्यक्रमों के लिए व्यापक तैयारियां की गई है। देश-विदेश से आने वाले औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रमुखों तथा अतिथियों के स्वागत के लिए इंदौर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। सभी मॉल, होटल, सार्वजनिक स्थलों और इमारतों पर रोशनी और अन्य साज-सज्जा किए गए हैं। शहर में सड़कों की मरम्मत, विशेष साफ-सफाई और मार्ग संकेतक लगाने का कार्य भी लगभग पूरा हो गया है। गुरुवार को राजबाड़ा और उसके आसपास नो कार डे रहेगा।
मेहमानों के लिये होगा हेरिटेज वॉक
कार्यक्रम में आने वाले मेहमानों को इंदौर की संस्कृति, इतिहास और खान-पान से रूबरू कराने के लिए 17 व 18 अक्टूबर को हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जा रहा है। यह वॉक कृष्णपुरा छत्री, राजबाड़ा व सराफा में होगी।
ख़ास डिनर
मेहमानों के लिए 17 अक्टूबर को मैरिएट होटल में और 18 अक्टूबर को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर के गार्डन एरिया में डिनर दिया जाएगा। भोजन मैन्यू में वेज और नॉनवेज शामिल है। खाने में कई प्रकार के विदेशी आयटम भी रहेंगे।
6 रंग के 1200 पास
समिट में प्रवेश के लिए 6 अलग-अलग रंग के 1200 पास जारी किए गए हैं। 213 वीवीआईपी मेहमानों को सुनहरे रंग के पास दिए जाएँगे। जिसके पास यह पास होगा उसे समिट स्थल पर कहीं भी आने-जाने की छूट रहेगी। अन्य आमंत्रितों के लिए ग्रीन पास और सीईओ के लिए सिल्वर पास है।
सुरक्षा के विशेष इंतजाम
मैग्नीफिसेंट एमपी कार्यक्रम को लेकर पुलिस विभाग ने भी ख़ास तैयारी की है। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल पर पुलिस ने सुरक्षा को लेकर कड़े बंदोबस्त किए है। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक चप्पे चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती होगी। इंदौर एसएसपी रूचि वर्धन मिश्र की माने तो पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल की मांग की गई है।
ट्रैफिक व्यवस्था होगी दुरुस्त
आयोजन के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए 700 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसमें से 350 अफसर व जवान को अन्य शहरों से इंदौर बुलाया गया है।
