छतरपुर। छतरपुर में इन दिनों आवारा कुत्तों ने भारी आतंक मचा रखा है। यहाँ एक आवारा कुत्ते ने एक साथ आठ मासूम बच्चों को अपना शिकार बनाया। इससे बच्चे गंभीर घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खबर के अनुसार घटना छतरपुर जिला मुख्यालय शहर की है। शनिवार शाम को शहर के वार्ड क्रमांक दो और पांच में एक पागल कुत्ते ने आठ बच्चों को काट लिया। कुत्ते के काटने से बच्चे गंभीर घायल हो गए हैं। उनके शरीर और अंग क्षत-विक्षित हो गये हैं। घायल बच्चों को जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में रखा गया है।
परिजनों का कहना है कि यह कुत्ता पागल है और पिछले कई दिनों से लोगों को परेशान कर रहा है। इसके बाद भी नगर पालिका और जिम्मेदार इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। अब कुत्ते ने गली मोहल्ले में खेल रहे नाबालिक बच्चों को अपना शिकार बनाया है।
बता दें कि इसके पूर्व भी कुत्तों और सुअरों के हमले से शहर में दर्जनों घटनाएं घाट चुकीं हैं। बावजूद इसके नगरपालिका अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं जबकि इनके काटने से रैबीज और गंभीर बीमारियां फैल सकतीं हैं।
