विदिशा। लड़ते-लड़ते कुएँ में जा गिरे दो सांड का चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया गया। सांड करीब 16 घंटे से कुएँ में फंसे हुए थे। कुएँ में गिरने से दोनों सांड घायल हो गए थे। मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाया गया और उनका इलाज किया गया।
विदिशा के गुलाबगंज इलाके के मूड़री गाँव में मंगलवार शाम को दो सांड लड़ते-लड़ते सड़क किनारे मौजूद खुले हुए कुएँ में जा गिरे। सुबह लोगों को जब इसके बारे में पता चला तो उन्होंने सांडों को कुएँ से निकालने की कोशिशें की लेकिन वह सफल नहीं हुआ। अंत में उन्होंने इसकी जानकारी तहसीलदार और वन विभाग को भेजी।
इसके बाद गांव वालों की मदद से वन विभाग और मौजूद लोगों ने कुएँ में नीचे उतरकर एक-एक करके रस्सी के सहारे, जेसीबी मशीन की मदद से सांडों को ऊपर खिंचा। सांडों को कुएँ से निकालने में करीब चार घंटे की मशक्कत लगी। कुएँ में गिरने से दोनों सांड घायल हो गए थे। सांडों का इलाज करने के लिए मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाया गया। घटना के बाद गुलाबगंज तहसीलदार हेमंत शर्मा ने इस खुले कुएँ को पूरने के निर्देश दिए हैं।
