September 23, 2024

मध्य प्रदेश में दो चरण में होंगे नगरीय निकाय चुनाव, छह और 13 जुलाई को मतदान।

एक्सपोज़ टुडे।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार को नगरीय निकाय चुनाव की भी घोषणा कर दी। 413 नगरीय निकायों में से 347 में फिलहाल चुनाव कराया जाएगा। मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान छह जुलाई और दूसरे चरण का 13 जुलाई को होगा। इसी तरह, पहले व दूसरे चरण की मतगणना और परिणम की घोषणा क्रमश: 17 और 18 जुलाई को होगी। चुनाव की अधिसूचना 11 जून को जारी होगी और इसी के साथ नामांकन पत्र लेने का क्रम शुरू हो जाएगा।

नामांकन पत्र 18 जून तक जमा किए जा सकेंगे। नाम वापसी 22 जून को दोपहर तीन बजे तक होगी। मतदान सुबह सात से शाम पांच बजे तक होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने के साथ ही प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावी हो गई है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में 16 नगर निगम, 99 नगर पालिका और 298 नगर परिषद (नवगठित 35) यानी कुल 413 नगरीय निकाय हैं। इनमंे से 321 का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इनमें से तीन के चुनाव कराए जा चुके हैं। यानी 318 में चुनाव होना है। इसी तरह 57 निकायों का कार्यकाल पूरा होना बाकी है और नवगठित 35 में से केवल 29 नगर परिषद में चुनाव कराए जाएंगे। इस तरह फिलहाल 347 (नगर निगम 16, नगर पालिका 76 और 255 नगर परिषद) निकायों में चुनाव होगा।

नगर पालिका गढ़ाकोटा, खुरई और मलाजखंड में वार्ड विभाजन और आरक्षण की कार्यवाही की जा रही है, इसलिए इन्हें चुनाव में शामिल नहीं किया जा रहा है। छह नवगठित नगरीय निकायों में वार्ड विभाजन की कार्रवाई अभी पूरी नहीं हुई, इसलिए इनमें चुनाव अभी नहीं करवाए जाएंगे। कुल 347 नगरीय निकायों में दलीय आधार पर 6,507 पार्षद और 16 महापौर पद के लिए चुनाव होंगे। चुनाव ईवीएम से कराए जाएंगे और मतदाताओं को नोटा (इनमें से कोई नहीं) का विकल्प मिलेगा। चुनाव कराने के लिए मतदान केंद्रों पर 87,937 कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे। मतदान के लिए पहचान पत्र लाना अनिवार्य रहेगा।

महापौर का चुनाव सीधे जनता करेगी

इस बार नगरीय निकाय चुनाव प्रत्यक्ष और परोक्ष दोनों प्रणाली से कराए जाएंगे। महापौर का चुनाव सीधे जनता करेगी। वहीं, नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष का चुनाव पार्षदों के माध्यम से किया जाएगा।

तीन जिलों में नहीं होंगे नगरीय निकाय चुनाव

 

 

आलीराजपुर, मंडला और डिंडौरी में अभी चुनाव नहीं कराए जाएंगे। यहां नगरीय निकायों का कार्यकाल पूरा नहीं हुआ है।

चरणवार स्थिति

 

 

पहला चरण

कुल नगरीय निकाय- 133

नगर निगम-11

नगर पालिका- 36

नगर परिषद-86

मतदान केंद्रों की संख्या- 13,148

दूसरा चरण

 

 

कुल नगरीय निकाय-214

नगर निगम- पांच

नगर पालिका- 40

नगर परिषद- 169

मतदान केंद्रों की संख्या- 6,829

Written by XT Correspondent