भोपाल। मध्यप्रदेश में बुधवार को कोरोना के 178 नए मामलों की पुष्टि हुई हैं, वहीँ 9 लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई है। इससे प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 7293 हो गई हैं, जबकि मरने वालों का आंकड़ा 314 पर पहुँच गया है। बता दे कि प्रदेश में अब तक 3927 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 3052 मरीजों का इलाज चल रहा है।
बुधवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा मामले इंदौर से सामने आए। यहां 78 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि होने से संक्रमितों की संख्या 3260 पर पहुँच गई हैं। जबकि तीन लोगों की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 122 पहुँच गया है। इस बीच बुधवार को 18 स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए। इंदौर में अब तक 1555 मरीज ठीक हो चुके हैं।
राजधानी भोपाल में 23 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से छह लोग राजभवन में मिले है। राजधानी में अब तक 1469 कोरोना के मरीज सामने आ चुके हैं जबकि मरने वालों की संख्या 52 हो गई है। यहां 860 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
वहीँ उज्जैन में 11 आरक्षक समेत 15 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे उज्जैन में संक्रमितों की संख्या 629 हो गई है जबकि 54 लोग अब तक महामारी से जान गवां चुके हैं। 290 मरीजों के ठीक होने के बाद यहां एक्टिव मामलों की संख्या 285 है।
नीमच में बुधवार को एक बार फिर कोरोना विस्फोट हुआ। यहां बुधवार को 33 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 25 मामले जावद मुख्यालय, 7 मामले उम्मेदपुरा और एक मामला काछी मोहल्ला मनासा से सामने आया है। इन्हें मिलाकर जिले में अब तक 150 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 71 मामले जावद से सामने आए हैं।
इनके अलावा जबलपुर में पांच नए मरीजो की पुष्टि होने से यहां संक्रमितों का आंकड़ा 221 हो गया है। जबलपुर में अब तक 9 लोग कोरोना से अपनी जान गवां चुके हैं। यहां 46 एक्टिव केस है। वहीँ ग्वालियर-चंबल अंचल में 9 कोरोना पॉजिटिव मिले है। इनमें से ग्वालियर में दो, मुरैना 3,शिवपुरी, भिंड और दतिया में 1-1 मिला है।
खरगोन में तीन और खंडवा में दो लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। खरगोन में अब तक 122 मामले सामने आए हैं जिनमें से 9 लोगों की मौत हुई है और 98 स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। वहीँ खंडवा में संक्रमितों का आंकड़ा 235 हो गया है।
